दुखद खबर | जौनपुर पेड़ से लटककर युवक ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस
🚨
जौनपुर: रामपुर थाना क्षेत्र के सेहरा गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेहरा गांव निवासी पवन सिंह (32 वर्ष) पुत्र दिवाकर सिंह ने अपने घर के पास स्थित नीम के पेड़ से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि युवक ने बिजली के केबल तार का इस्तेमाल कर फांसी लगाई। आशंका है कि उसने पहले अपने मकान की छत से पेड़ की डाल में केबल बांधा और फिर गले में फंदा लगाकर छत से कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे परिजनों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, मृतक अविवाहित था और हाल के दिनों में नशे की लत का शिकार हो गया था। हालांकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
👉 Kfdnews.com के लिए रिपोर्ट