स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, बिजली विभाग का घेराव


जौनपुर: जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सहाबड़ेपुर फीडर इलाके में स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। बढ़ते बिजली बिलों से परेशान दर्जनों महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और घेराव किया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि जब से उनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली बिल लगातार बढ़कर आ रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से परेशान हो गई हैं। उनका कहना है कि कुछ घरों में बिजली कनेक्शन न होने के बावजूद जबरन मीटर लगा दिए गए हैं। साथ ही विभाग के एक कर्मचारी पर कनेक्शन जोड़ने के नाम पर अवैध वसूली का भी आरोप लगाया गया।
महिलाओं ने यह भी कहा कि बिल जमा करने के बाद भी अधिक राशि दिखाई जा रही है और कई बार कनेक्शन काट दिया जाता है, जिससे उन्हें भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। बार-बार विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
इस मामले पर बिजली विभाग के सुपरिटेंडेंट मनोज गुप्ता ने बताया कि शिकायतें विभाग के संज्ञान में आई हैं और जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं के पुराने बकाया बिल हैं, वे वर्तमान बिल में जुड़ने के कारण अधिक दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 13 से 19 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर और बिलिंग प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही कहा कि जहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें हटाकर पोस्टपेड मीटर लगाने का फिलहाल कोई निर्देश नहीं है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights