अवैध मेडिकल स्टोर व क्लिनिक पर छापा, चार दवाओं के नमूने जब्त


जौनपुर: मुंगराबादशाहपुर स्थित शक्ति स्पेशलिटी हॉस्पिटल परिसर में संचालित एक अवैध मेडिकल स्टोर और क्लिनिक पर औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत चार संदिग्ध दवाओं के नमूने जब्त कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जिला औषधि निरीक्षक के अनुसार यह कार्रवाई जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में अस्पताल परिसर में बिना वैध लाइसेंस के दवाओं के अवैध कारोबार का आरोप लगाया गया था।
सहायक आयुक्त औषधि, वाराणसी मंडल के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से संचालित दवा दुकानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ औचक निरीक्षण के लिए टीम गठित की गई थी। जिला औषधि निरीक्षक के नेतृत्व में वाराणसी के औषधि निरीक्षक चंद्रेश द्विवेदी और गाजीपुर के औषधि निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य की संयुक्त टीम ने छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पूरे जिले में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
इस संबंध में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को पत्र भेजकर छापेमारी के दौरान पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट उपलब्ध कराने की मांग की गई है। प्रशासन ने संबंधित थानों को निर्देश दिया है कि अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए। जल्द ही अन्य चिन्हित स्थानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights