होमगार्ड भर्ती परीक्षा में व्यवस्थाओं का डीएम ने लिया जायजा, परीक्षार्थियों को मिली राहत



जिला संवाददाता | 26 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी ने रविवार को उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दूसरे दिन द्वितीय पाली के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनक कुमारी इंटर कॉलेज और मुक्तेश्वर बालिका इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, गुड़, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता पर भी विशेष ध्यान दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल और गुड़ उपलब्ध रहे। इस दौरान उन्होंने केंद्रों के प्रधानाचार्यों को गुड़ भेंट कर इसे परीक्षार्थियों में वितरित कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर मौजूद अभिभावकों के लिए भी गुड़ और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। डीएम ने परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और सुरक्षा कर्मियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया और मौके पर ही गुड़ व पानी का वितरण कराया।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर रहा है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी और बेहतर संचालन सुनिश्चित हो सके।