5 करोड़ रुपए से भरी कैश वैन में लगी आग, हाईवे पर मचा हड़कंप


टोंक। जिले में जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां बैंक का कैश ले जा रही वैन में अचानक आग लग गई। घटना निवाई क्षेत्र में 80 फीट रोड स्थित ओवरब्रिज के पास दोपहर करीब 1 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, कैश वैन जयपुर से भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। वैन में तीन बक्सों में करीब 5 करोड़ रुपए नकद रखे थे। रास्ते में बोनट से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत वाहन रोका और जैसे ही बोनट खोला, आग की तेज लपटें उठने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कैश से भरे बक्सों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ी क्षति टल गई।
आग इतनी भीषण थी कि वैन के चारों टायर, सीटें और प्लास्टिक बॉडी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights