हमला, फार्मासिस्ट पर बोतल से सिर फोड़ने का आरोप

जौनपुर। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जोगीपुर निवासी सतीश चन्द्र यादव का पुत्र नितिन अपनी मां को दवा दिलाने अस्पताल गया था। इसी दौरान वह अस्पताल परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल के सहारे खड़ा था।
आरोप है कि वहां मौजूद फार्मासिस्ट (कंपाउंडर) अमित उपाध्याय ने नितिन को हटने के लिए कहा और इस दौरान गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी भड़क गया और कथित तौर पर बोतल तोड़कर नितिन के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
पीड़ित के पिता की तहरीर पर मड़ियाहूं थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।