पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करसावा गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मजदूर का शव गांव से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान करसावा निवासी मुकेश निषाद (42) पुत्र स्वर्गीय प्रेमचंद निषाद के रूप में हुई है। वह शादी-विवाह समारोहों में खाना बनाने का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार, मुकेश मंगलवार सुबह करीब 10 बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने उनका शव घर से लगभग 200 मीटर दूर एक बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर मोर्चरी भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं।
परिजनों ने आशंका जताई है कि मुकेश की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।