जौनपुर: आजाद बिंद हत्याकांड में AAP नेता पहुंचे पीड़ित परिवार के घर, सांसद संजय सिंह ने दिया न्याय का भरोसा

@
जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के बडउर, खेतासराय में हुए चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने आम आदमी पार्टी के नेता उनके आवास पहुंचे। इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने फोन पर पीड़ित परिवार से बात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष (काशी प्रांत) सूर्य नारायण सिंह (मुन्ना), विशाल यादव और तीर्थराज यादव बडउर गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और तत्पश्चात सांसद संजय सिंह से फोन पर वार्ता करवाई।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को संसद में भी उठाया जाएगा तथा प्रशासन से बात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले में नामजद 6 आरोपियों में से अब तक केवल 3 के खिलाफ ही कार्रवाई हुई है, जबकि शेष 3 आरोपी अभी भी फरार हैं।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने आरोप लगाया कि जिन आरोपियों के नाम मुकदमे में दर्ज हैं, वे प्रभावशाली और दबंग हैं। उनके अनुसार आरोपियों की तस्वीरें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, जौनपुर सदर विधायक एवं मंत्री गिरीश यादव तथा एक पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ होने के कारण गिरफ्तारी में देरी हो रही है।
AAP नेताओं ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें हर स्तर पर कानूनी और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights