मेडिकल कॉलेज जौनपुर में फायर सेफ्टी सप्ताह के तहत भव्य फायर डेमो एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जौनपुर: उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में फायर सेफ्टी सप्ताह (04 मई से 10 मई 2026) के अंतर्गत अस्पताल भवन परिसर में व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं फायर डेमो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल के नेतृत्व एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, मरीजों एवं तीमारदारों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई का व्यवहारिक प्रशिक्षण देना था।
इस दौरान FSSO अनिल कुमार यादव, फायरमैन धर्मेंद्र कुमार यादव, पंकज कुमार एवं सुनील कुमार बिंद ने आग लगने के कारणों, शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव, विद्युत उपकरणों के असुरक्षित उपयोग एवं अन्य संभावित जोखिमों की जानकारी दी। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के प्रकार, उनके उपयोग की विधि और प्रारंभिक स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने के उपायों का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया।
फायर डेमो के माध्यम से उपस्थित लोगों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम एवं सूझबूझ से कार्य करना आवश्यक है। प्रशिक्षकों ने आग बुझाने वाले यंत्रों के सही उपयोग, आपातकालीन निकास मार्गों के प्रयोग, मरीजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा प्राथमिक बचाव उपायों का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने कहा कि वर्तमान समय में फायर सेफ्टी की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि घर, अस्पताल, कार्यालय, दुकान, कंपनी एवं शॉपिंग मॉल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर कभी भी आग लगने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में यदि लोगों को शुरुआती स्तर पर आग बुझाने और बचाव के उपायों की जानकारी हो तो बड़ी दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. ले.क. सी.बी.एस. पटेल, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. विनोद वर्मा, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. अरविंद यादव, डॉ. अक्षय सिंह, डॉ. जयंत शर्मा, डॉ. संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।