ऑपरेशन सिंदूर पर आतंकी संगठन के वीडियो से पाकिस्तान के दावों पर सवाल


नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान की ओर से किए जा रहे दावों के बीच अब एक कथित वीडियो सामने आने के बाद नई बहस शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए जा रहे कुछ लोगों के वीडियो में पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों और आतंकी अड्डों को भारी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में लश्कर का टॉप कमांडर और मुरिदके मुख्यालय का कथित केयरटेकर हाफिज अब्दुल रऊफ भारतीय कार्रवाई के दौरान हुए नुकसान का जिक्र करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में मुरिदके मुख्यालय के अलावा नूर खान, शोरकोट और रहीम यार खान एयरबेसों पर भी हमलों और तबाही की बात कही गई है।
इन दावों के बाद पाकिस्तान की ओर से ऑपरेशन के बाद पेश की गई ‘जीत’ की कहानी पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 से 10 मई 2025 के बीच हुई सैन्य कार्रवाई के दौरान कई ठिकानों को निशाना बनाया गया था। अब सामने आए कथित वीडियो में आतंकी संगठन से जुड़े लोग खुद नुकसान की बात स्वीकार करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights