पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि, हत्यारों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प


जौनपुर। शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की दूसरी पुण्यतिथि पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पत्रकार भवन सभागार में इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया एसोसिएशन की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने आशुतोष श्रीवास्तव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह क्षेम और ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना ने कहा कि घटना के दो वर्ष बीत जाने के बाद भी हत्यारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार के हत्यारों को सजा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
पत्रकार रामजी जायसवाल और अब्दुल हक अंसारी ने कहा कि जो पत्रकार समाज को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाता था, आज उसी के परिवार को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला था।
आशुतोष श्रीवास्तव के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि मामले की विवेचना में शुरू से लापरवाही बरती गई, जिसके कारण परिवार आज भी न्याय की उम्मीद में भटक रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सभा के अंत में पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights