मुंबई सड़क हादसे में जौनपुर के युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जौनपुर। विकास खंड बरसठी क्षेत्र के बेलौना कला गांव निवासी अवनीश सिंह (38) की बुधवार को Mumbai के भयंदर मीरा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी भी घायल हो गईं, जिनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि अवनीश सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक फोर व्हीलर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अवनीश के सिर में गंभीर चोट लगी। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव बेलौना कला पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। बूढ़ी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। अवनीश पांच बहनों के इकलौते भाई थे और सभी बहनों की शादी हो चुकी है।
परिवार में उनका 14 वर्षीय बेटा आर्यन है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है। उनकी एक बेटी भी थी, जिसकी तीन वर्ष पहले रेबीज के कारण मौत हो गई थी। अब परिवार में केवल मां, पत्नी और पुत्र ही बचे हैं।
अवनीश सिंह की असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।