शादी के 16 दिन बाद उजड़ा सुहाग, सड़क हादसे में युवक की मौत

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बासूपुर अढ़नपुर गांव में बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी के महज 16 दिन बाद ही एक नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राम आसरे के पुत्र गोविंद अग्रहरि (25) की 28 अप्रैल को धूमधाम से शादी हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियों का माहौल बना हुआ था। बुधवार रात करीब 10:30 बजे गोविंद बाइक से खुटहन बाजार से घर लौट रहे थे।
रास्ते में सौरइयां गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
गोविंद अपने माता-पिता की पांच संतानों में इकलौते बेटे थे। उनकी मां का एक वर्ष पहले बीमारी से निधन हो चुका है। अब पिता राम आसरे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार गोविंद Mumbai में फल का कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ब्यूटी बेसुध हो गईं। चारों बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
घर में जहां कुछ दिन पहले तक शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।