शादी से लौट रहे अधेड़ कुक की बोलेरो की टक्कर से मौत
सुइथाकला, जौनपुर। शादी समारोह से खाना बनाकर लौट रहे एक अधेड़ कुक की तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी 58 वर्षीय रामदवर मौर्य अपने एक साथी के साथ Sultanpur के कादीपुर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने गए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों मोपेड से घर लौट रहे थे।
बताया गया कि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर सरपतहां थाना क्षेत्र के पिपरौल गांव स्थित नर्सरी के पास उनका साथी पानी पीने के लिए हैंडपंप पर चला गया। इसी दौरान रामदवर मौर्य मोपेड के सहारे खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और फिर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल रामदवर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Shailesh Singh ने बताया कि मृतक के बेटे सुनील मौर्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा बोलेरो को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।