नेपाल से बिहार लाई जा रही 3 करोड़ की गांजे की खेप पकड़ी गई, दूल्हे की कार बनाकर कर रहे थे तस्करी

Sitamarhi से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नेपाल से बिहार लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप को पुलिस ने पकड़ लिया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कार को दूल्हे की गाड़ी की तरह फूल-मालाओं से सजा रखा था।
जानकारी के मुताबिक, बिहार STF और सीतामढ़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुरसंड थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध Hyundai Creta कार को रोका। कार को शादी में इस्तेमाल होने वाली गाड़ी की तरह सजाया गया था और उसमें दूल्हे की जगह दो सगे भाई बैठे हुए थे।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में कई बोरियां मिलीं। जब उन्हें खोला गया तो अंदर से 142.2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि दोनों भाई लंबे समय से नेपाल से गांजा लाकर बिहार में सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़े थे।
फिलहाल पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।