जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तीन युवकों की मौत, कई घायल


Jaunpur के केराकत क्षेत्र में चौकियां-नईबाजार मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। काशी गोमती ग्रामीण बैंक के सामने दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, सरौनी पश्चिम पट्टी निवासी अविनाश उर्फ मेटी पुत्र संजू अपने साथियों अमित कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, पंकज कुमार पुत्र जोखू तथा ईशु कुमार पुत्र संजय कुमार के साथ एक ही बाइक से देवकली बाजार की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक चौकियां-नईबाजार स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर चांदेपुर थाना खानपुर, जनपद Ghazipur निवासी गजराज कुमार पुत्र रामजियावान अपने पुत्र सूरज के साथ जौनपुर से गाजीपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए अविनाश कुमार, अमित कुमार, पंकज कुमार, ईशु कुमार और गजराज कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे में सूरज पुत्र गजराज की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं Varanasi Trauma Center में इलाज के दौरान अविनाश कुमार और अमित कुमार ने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि अविनाश चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। वह पुणे में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था और 17 मई को ही घर लौटा था। वहीं 17 वर्षीय अमित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं और वह घर पर रहकर शादी समारोहों में टेंट लगाने का कार्य करता था।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights