जौनपुर में दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रक की टक्कर से सिविल इंजीनियर की मौत

Jaunpur में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक सिविल इंजीनियर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि युवक हाल ही में अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने मुंबई से घर आया था और कुछ दिनों बाद उसकी खुद की भी शादी होने वाली थी।
मृतक की पहचान सुजानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भरहरा गांव निवासी 32 वर्षीय नागेंद्र पटेल पुत्र जगदीश पटेल के रूप में हुई है। वह मुंबई में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। नागेंद्र 14 मई को अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने घर आए थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात नागेंद्र अपनी बाइक से पवारा थाना क्षेत्र के ऊंचौरा स्थित ननिहाल जा रहे थे। इसी दौरान जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया चौकी के पास बिंद बस्ती में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नागेंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, नागेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और हाल ही में उनकी सगाई तय हुई थी। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई है।