बकरीद को लेकर सीएम योगी के सख्त निर्देश, कानून व्यवस्था पर विशेष जोर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजन केवल परंपरागत स्थलों पर ही कराए जाएं तथा सड़क जाम कर नमाज अदा करने की अनुमति किसी भी स्थिति में न दी जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पर रोक लगाने और अवैध स्लॉटर हाउस के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा। खुले में मांस बिक्री पर भी प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रतिबंधित पशुओं एवं गोवंशी पशुओं की कुर्बानी रोकने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इससे पहले गौ संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा था कि दुनिया के अधिकांश देश गाय का दूध उपयोग करते हैं और गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।