गंगा एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी करने वाले युवक गिरफ्तार, पुलिस के सामने मांगी माफी


मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले चार युवकों को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान तनिष्क, हर्ष, युवराज और विक्रांत के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि इन युवकों ने थार और स्कॉर्पियो जैसी लग्जरी गाड़ियों से एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट किए थे। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपी पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। बताया जा रहा है कि युवकों ने सोशल मीडिया पर प्रभाव जमाने और चर्चा में आने के लिए यह स्टंटबाजी की थी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों और एक्सप्रेसवे पर इस तरह की खतरनाक हरकतें न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि लोगों की जान के लिए भी खतरा पैदा करती हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मेरठ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights