अलीगढ़ में मेले के दौरान दरोगा पर हमला, भीड़ ने की पिटाई


अलीगढ़। जिले के सासनी गेट क्षेत्र में आयोजित अहिल्याबाई होल्कर मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने पहुंचे एक दरोगा पर भीड़ ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मेले में कुछ युवक ट्रैक्टर और बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने उन्हें रोकने और व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। इसी दौरान मौजूद लोगों का उत्साह हुड़दंग में बदल गया और भीड़ ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले में दरोगा घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights