पीडीए आरक्षण घोटाला पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के अधिकारों की सरकारी लूट : राकेश मौर्य


जौनपुर। समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा नगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कथित “पीडीए आरक्षण घोटाला” पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के संविधान प्रदत्त अधिकारों की सरकारी लूट है।
राकेश मौर्य ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान देश की आधारशिला है तथा आरक्षण सामाजिक समता, समानता और संपन्नता का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पीडीए समाज के युवाओं, बेटियों और बहुओं को उनके संवैधानिक आरक्षण अधिकारों से वंचित कर रही है।
सपा जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि 22 विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में 11,514 से अधिक आरक्षित पदों पर पीडीए समाज के अधिकारों का हनन हुआ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने एक बुकलेट के माध्यम से इस कथित घोटाले को प्रमाण सहित सार्वजनिक किया है।
उन्होंने बताया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, लेखपाल भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, कनिष्ठ सहायक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, चिकित्सा अधिकारी भर्ती सहित कई अन्य भर्तियों में आरक्षित वर्ग के हजारों पद प्रभावित हुए हैं।
राकेश मौर्य ने कहा कि यह मामला संविधान और आरक्षण व्यवस्था पर खतरे का संकेत है। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाकर सरकार की नीतियों को उजागर करेगी।
प्रेस वार्ता में उन्होंने यह भी घोषणा की कि पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि, विद्युत कटौती, कानून व्यवस्था की स्थिति तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी 5 जून को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’, विधायक लकी यादव, विधायक पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, श्रद्धा यादव, राजबहादुर यादव, संगीता यादव, आरिफ हबीब, संजय सरोज, दीपचंद राम, हीरालाल विश्वकर्मा, गामा सोनकर, प्रेमशंकर यादव, गुलाब यादव, दीपक विश्वकर्मा, मनोज कुमार मौर्य, गुड्डू सोनकर, ऋषि यादव, रविन्द्र मौर्य, अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights