भाजपा सरकार जनसमस्याओं की जननी, फेक एनकाउंटर संविधान के खिलाफ: सपा नेताओं का आरोप


जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शुक्रवार को जौनपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने किया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, आरक्षण घोटाला, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, अघोषित विद्युत कटौती, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही जल जीवन मिशन एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट योजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए।
धरने को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार जनसमस्याओं की जननी बन गई है और पीडीए समाज के अधिकारों को प्रभावित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’ ने अपने संबोधन में फेक एनकाउंटर को संविधान के विरुद्ध बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को विधायक तूफानी सरोज, लकी यादव, डॉ. रागिनी सोनकर, पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, राजनारायण बिंद, मोहम्मद अरशद खान, श्रद्धा यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
धरने के समापन पर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने आठ सूत्रीय मांगपत्र राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह को सौंपा। ज्ञापन में विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। धरना-प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में समर्थकों की उपस्थिति रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights