सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश


जौनपुर। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील शाहगंज में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों को सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए, जिससे शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक न्याय मिल सके।
डीएम और एसएसपी ने राजस्व तथा पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी ढंग से किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।