प्रदर्शनी में सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम सख्त, झूलों की तकनीकी जांच के निर्देश

जौनपुर। बीआरपी कॉलेज मैदान में आयोजित प्रदर्शनी के औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में कई कमियां पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बड़े झूलों और अस्थायी संरचनाओं की पीडब्ल्यूडी से तकनीकी जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शनिवार देर शाम किए गए निरीक्षण में जिलाधिकारी ने झूलों, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरणों तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा प्रबंधों में सुधार की आवश्यकता महसूस होने पर उन्होंने प्रदर्शनी प्रबंधन को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सभी बड़े झूलों एवं अस्थायी ढांचों की तकनीकी जांच कराकर उनकी सुरक्षा प्रमाणित की जाए। साथ ही परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों और वालंटियर्स के पहचान पत्र न होने तथा विद्युत पोल एवं वायरिंग की सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाए जाने पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड जारी करने और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अग्निशमन व्यवस्था को अपर्याप्त बताते हुए जिलाधिकारी ने फायर सेफ्टी उपकरणों को मानकों के अनुरूप स्थापित करने तथा हर समय उपयोग के लिए तैयार रखने को कहा। इसके अलावा प्रदर्शनी परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त शौचालय और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
खान-पान की दुकानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित न होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।