जौनपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 80 वारंटी और 12 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

जौनपुर। जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 वारंटी तथा 12 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाया गया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शाहगंज, खेतासराय, चंदवक, बरसठी, सरपतहां, मुंगराबादशाहपुर, नेवढ़िया, मछलीशहर, खुटहन, लाइनबाजार, केराकत, गौराबादशाहपुर, मड़ियाहूं, जलालपुर, सिंगरामऊ, रामपुर, बदलापुर, सुरेरी, महराजगंज, तेजीबाजार, मीरगंज, पवारा तथा कोतवाली समेत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की।
पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से जिले में फरार चल रहे आरोपियों और अपराधियों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार किए गए सभी वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अपराधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।