28 जून से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 6 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

जौनपुर। जनपद में सघन पल्स पोलियो अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सैमुअल पॉल एन. ने की, जिसमें अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 28 जून 2026 को होगा। अभियान के पहले दिन जनपद के सभी पोलियो बूथों पर जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि 5 जुलाई को बी-टीम गतिविधि संचालित की जाएगी।
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिले में 1,866 पोलियो बूथ, 1,242 घर-घर भ्रमण टीमें, 105 ट्रांजिट टीमें तथा 52 विशेष टीमें तैनात की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने इस दौरान 6,06,187 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने तथा 7,65,825 घरों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बैठक में जिलाधिकारी ने पंचायत राज, आईसीडीएस, अल्पसंख्यक कल्याण, खाद्य एवं रसद विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा अभियान की नियमित निगरानी की जानी चाहिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं चिकित्सा अधीक्षकों को अपंजीकृत अस्पतालों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम प्रधानों, विद्यालयों, एनसीसी कैंपों और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान बदलापुर और बक्सा के एमओआईसी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।