देहरादून में युवक की हत्या के बाद बवाल, तोड़फोड़-आगजनी से तनाव, कई गिरफ्तार


देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मृतक की पहचान विनोद कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद ट्यूबवेल से पानी डालने को लेकर फिर कहासुनी हुई, जो हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान विनोद कश्यप के सिर पर हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर पथराव की घटनाएं भी सामने आईं।
प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में अब तक कई लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है।
फिलहाल हत्या, आगजनी और हिंसा से जुड़े मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights