जौनपुर: एक लाख का इनामी अंतर्राज्यीय गौ-तस्कर गिरफ्तार, 85 मुकदमों वाला शातिर अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा


जौनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय गौ-तस्कर एवं शातिर अपराधी रविन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 85 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में खुटहन पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाख रुपये का इनामी अपराधी रविन्द्र वर्मा अपने घर जाने की फिराक में ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज पटैला-मखदूमपुर मोड़ के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त रविन्द्र वर्मा पुत्र सभापति वर्मा निवासी मखदूमपुर थाना खुटहन का लंबा आपराधिक इतिहास है।
पुलिस के अनुसार सीसीटीएनएस रिपोर्ट में उसके खिलाफ अब तक 85 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। इनमें गौ-तस्करी, चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, अवैध हथियार रखने, पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
इस गिरफ्तारी को जनपद पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को इससे और मजबूती मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights