राजस्व वसूली बढ़ाने और भू-माफियाओं पर सख्ती के निर्देश, जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक


जौनपुर। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व, एंटी भू-माफिया अभियान तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व प्राप्ति, सरकारी भूमि की सुरक्षा और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
कर एवं करेत्तर राजस्व की समीक्षा के दौरान आबकारी, राज्य कर, परिवहन, वन एवं खनन विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
एंटी भू-माफिया अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की रोकथाम के लिए शनिवार एवं रविवार की रात्रि में रोस्टरवार राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने नायब तहसीलदार, तहसीलदार एवं उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर कब्जे की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व से गठित एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालय के आदेश से की गई पत्थरगड्डी को हटाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह कम से कम एक बार उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से भूमि विवाद एवं अतिक्रमण संबंधी मामलों की समीक्षा कर उनके निस्तारण का प्रयास करें।
राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को बड़े बकाएदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर वसूली प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights