दिल्ली मेट्रो में वानर की एंट्री, यात्रियों के बीच मस्ती करता दिखा कपिराज
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन में एक वानर के घुस आने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सराय काले खां मेट्रो स्टेशन के पास का है, जहां वानर अचानक मेट्रो कोच में पहुंच गया।
वीडियो में वानर यात्रियों के बीच बेफिक्र होकर घूमता नजर आ रहा है। कभी वह यात्रियों के कंधों और गोद में चढ़ जाता है, तो कभी खिड़की के पास बैठकर बाहर के नजारों का आनंद लेता दिखाई देता है। उसकी हरकतों को देखकर कुछ यात्री हैरान नजर आए, जबकि कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस अनोखे पल को कैद कर लिया।
खास बात यह रही कि वानर ने किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचाया और पूरे सफर के दौरान मस्ती भरे अंदाज में इधर-उधर घूमता रहा। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है और लोग इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वानर मेट्रो में कैसे पहुंचा और बाद में उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया या नहीं। हालांकि, यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।