गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: नाबालिग ने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की हत्या की पारिवारिक विवाद में वारदात की आशंका, आरोपी बाल अपचारी हिरासत में


गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि 16 वर्षीय छोटे भाई ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, अमित गुप्ता अपनी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय पुत्र रेयान के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे आरोपी ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और घातक था कि तीनों को बचाव का अवसर तक नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी समेत अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के पिता की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह हत्या का कारण प्रतीत हो रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन लोगों की एक साथ हत्या की इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights