17 करोड़ की शादी से पहले मंगेतर की मौत, हत्या की साजिश का आरोप; मंगेतर और प्रेमी गिरफ्तार

पुणे (महाराष्ट्र)। शादी की तैयारियों के बीच एक सनसनीखेज मामले में 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या की साजिश में बदल गया है। पुलिस ने जांच के बाद केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर इसे दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में कई संदिग्ध तथ्य सामने आए।
पुलिस का दावा है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची थी। जांच में यह भी सामने आया कि 14 जून को भी केतन को किले से धक्का देकर मारने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय वह बच गया था।
बताया जा रहा है कि दोनों परिवार शादी की भव्य तैयारियों में जुटे थे। उदयपुर के एक आलीशान पैलेस में विवाह समारोह की बुकिंग की गई थी और चार्टर्ड विमान समेत करीब 17 करोड़ रुपये खर्च होने की तैयारी थी।
केतन के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या तथा आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।