रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, चालक गिरफ्तार

जौनपुर। शाहगंज नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार युवक सड़क पर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक बस के पिछले पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान विवेकानंद सिंह (48) निवासी सिरजहांपुर, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर के व्यस्त आजमगढ़ मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की मांग की है।