डीएम ने नगर निकायों की समीक्षा में जताई नाराजगी, जौनपुर नगर पालिका के कार्यों पर उठाए सवाल


जौनपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय नगर निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद जौनपुर के कार्यों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। कार्यों में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य स्थलों पर सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिन पर कार्य का नाम, स्वीकृत लागत, कार्यदायी संस्था तथा कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि स्पष्ट रूप से अंकित हो।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में अनावश्यक देरी की जा रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को विशेष अभियान चलाकर फुटपाथों और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने, दुकानों के बाहर लगे अवरोधक बोर्ड एवं होर्डिंग हटाने तथा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से खड़े अनुपयोगी एवं जर्जर वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights