140 प्रजातियों के आमों से महका जौनपुर, प्रगतिशील किसान सूर्यभान यादव बने आधुनिक बागवानी की मिसाल


जौनपुर। सिकरारा विकासखंड के विशुनपुर (लाला बाजार) निवासी प्रगतिशील किसान सूर्यभान यादव ने आधुनिक तकनीक और उद्यान विभाग के सहयोग से अपने एक हेक्टेयर के आम के बाग को प्रदेश के एक अनूठे मॉडल बाग के रूप में विकसित किया है। उनके बाग में देश-विदेश की लगभग 140 दुर्लभ एवं उन्नत आम की प्रजातियां संरक्षित और विकसित की गई हैं, जो किसानों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गई हैं।
सूर्यभान यादव ने अपने पुत्र अनिल यादव के साथ मिलकर मियाजाकी, रेड आइवरी, ब्लूई किंग, एप्पल मैंगो, ताइवानी रेड सहित कई विदेशी प्रजातियों का सफलतापूर्वक संरक्षण किया है। इस कार्य में उद्यान विभाग ने उन्नत पौधे, ड्रिप सिंचाई, वर्मी कम्पोस्ट, वैज्ञानिक छंटाई, कीट प्रबंधन तथा अल्ट्रा हाई डेंसिटी प्लांटेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।
बताया गया कि इस मॉडल बाग से प्रतिवर्ष लगभग 200 कुंतल आम का उत्पादन हो रहा है। इससे करीब छह लाख रुपये की वार्षिक आय प्राप्त होती है, जबकि लगभग 80 हजार रुपये की लागत के बाद करीब चार लाख रुपये का शुद्ध लाभ हो रहा है। इससे यह बाग लाभकारी एवं वैज्ञानिक खेती का सफल उदाहरण बनकर उभरा है।
वर्तमान में यह बाग डेमोंस्ट्रेशन हब के रूप में विकसित हो चुका है, जहां विभिन्न जनपदों से किसान आधुनिक बागवानी तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बाग का निरीक्षण कर इसकी सराहना की है।
सूर्यभान यादव को उनकी इस उपलब्धि के लिए ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026’ में सम्मानित किए जाने हेतु नामित किया गया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, उद्यान विभाग के तकनीकी सहयोग, जिलाधिकारी के मार्गदर्शन तथा प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को देते हुए कहा कि वैज्ञानिक खेती और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान कृषि को लाभदायक व्यवसाय बना सकते हैं।