मेरठ: प्रदर्शन के दौरान हंगामा, एसएसपी पर बंदी वाहन में थप्पड़ मारने का आरोप
मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान बुधवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी बॉयफ्रेंड के परिवार को भी जेल भेजने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट गेट को कई घंटों तक बंद रखा, जिससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस के अनुसार, नोएडा निवासी रवि गौतम पर भीड़ को भड़काने और माहौल बिगाड़ने का आरोप है। इसी आधार पर उसे हिरासत में लिया गया।
हिरासत के बाद एक वीडियो सामने आया, जिसमें आरोप है कि बंदी वाहन में बैठे रवि गौतम को मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडेय ने थप्पड़ मार दिया। यह घटना सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जबकि घटना को लेकर जांच की मांग भी उठने लगी है।