10 करोड़ की संपत्ति और सरकारी नौकरी के लालच में मां की हत्या, बेटी की साजिश का खुलासा


जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है, जिसने मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया। पुलिस के अनुसार, सरकारी नौकरी और करोड़ों रुपये की संपत्ति के लालच में एक युवती ने अपनी ही विधवा मां की हत्या की साजिश रच डाली।
यह मामला जयपुर के प्रताप नगर इलाके का है, जहां 23 वर्षीय आयुषी शर्मा पर आरोप है कि उसने अनुकंपा के आधार पर मिलने वाली सरकारी नौकरी और करीब 10 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए अपनी मां नीरज शर्मा की हत्या करवा दी। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात के लिए करीब 7 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि आयुषी के पिता, कोर्ट में एलडीसी रहे विजय वशिष्ठ उर्फ विजय शर्मा की एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। इसके बाद मां नीरज शर्मा ने परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए बेटी को पढ़ाया और दिव्यांग बेटे की देखभाल की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आयुषी, जो वकालत की तैयारी कर रही थी, ने अपनी मां की हत्या की साजिश रचते हुए इस घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। इसे ‘हिट एंड रन’ केस दिखाने का प्रयास किया गया, ताकि शक न हो।
हालांकि, पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे मामले का खुलासा हो गया। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इसे रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights