वाराणसी: ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर पुलिस सख्त, ‘धार्मिक नंबर प्लेट’ वाली बुलेट का चालान
वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक बुलेट सवार ने अपनी बाइक की नंबर प्लेट को “धार्मिक एडिशन” का रूप दे दिया था—आगे “परशुराम” और पीछे “राम” लिखा हुआ था, जबकि वाहन का असली नंबर पूरी तरह गायब था।
इतना ही नहीं, बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था, जिसकी तेज आवाज से आसपास के लोग परेशान हो रहे थे। ऊपर से बाइक पर तीन सवार बैठे थे, जो ट्रैफिक नियमों का खुला उल्लंघन कर रहे थे।
पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह, उपनिरीक्षक प्रद्युमन राय और कांस्टेबल अमरेश यादव की नजर जैसे ही इस बाइक पर पड़ी, उन्होंने तुरंत वाहन को रुकवा लिया। जांच के दौरान नंबर प्लेट नियमों के विरुद्ध पाई गई, साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर और तीन सवारी का उल्लंघन भी सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही चालान काटते हुए सख्त संदेश दिया कि भगवान का नाम श्रद्धा के लिए है, लेकिन वाहन पर नंबर प्लेट पर वैध नंबर होना कानून के लिए अनिवार्य है। ट्रैफिक नियमों से बड़ा कोई भी “मॉडिफिकेशन” नहीं हो सकता।