आगरा में नकली दवा सिंडिकेट का बड़ा खुलासा, करोड़ों की अवैध दवाएं जब्त

आगरा (उत्तर प्रदेश)। जिले में नकली और अवैध दवाओं के बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में व्यापक कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की दवाएं जब्त की हैं और कई फर्मों पर शिकंजा कसा है।
जानकारी के अनुसार, 15 ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने 13 दवा फर्मों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान नकली दवाएं, सरकारी अस्पतालों के लिए निर्धारित “Not for Sale” दवाओं की अवैध बिक्री, फर्जी बिलिंग और री-लेबलिंग का संगठित नेटवर्क सामने आया। अधिकारीयों के मुताबिक अब तक करीब ₹3.63 करोड़ की अवैध और नकली दवाएं जब्त की जा चुकी हैं।
मामले में 14 फर्म संचालकों के खिलाफ 3 नई FIR दर्ज की गई हैं। साथ ही कार्रवाई करते हुए 58 थोक दवा लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ नामी कंपनियों की दवाओं के कथित नकली सैंपल बाजार में बेचे जा रहे थे, जिनमें Chymoral Forte और Shelcal जैसी दवाएं शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में इस अवैध कारोबार के तार उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ कोलकाता, गोरखपुर और मथुरा तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। ड्रग विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।