भारत में जल्द आ सकते हैं प्लास्टिक नोट, RBI ने शुरू की पायलट प्रोजेक्ट की तैयारी

नई दिल्ली। भारत में जल्द ही प्लास्टिक (पॉलीमर) नोटों की शुरुआत हो सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू कर दी है और इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पॉलीमर सब्सट्रेट शीट के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया गया है, जिसमें 18 अगस्त तक कंपनियों से बोली आमंत्रित की गई है। शुरुआती चरण में 10 और 20 रुपये के नोटों को पॉलीमर में जारी करने पर विचार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2027 से इन नोटों को बड़े स्तर पर लागू किया जा सकता है। पॉलीमर नोट पारंपरिक कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं और पानी व गंदगी से भी कम प्रभावित होते हैं, जिससे उनकी उम्र अधिक होती है।
गौरतलब है कि दुनिया के करीब 60 देशों में पहले से ही पॉलीमर नोटों का उपयोग किया जा रहा है, जिन्हें सुरक्षा और टिकाऊपन के लिहाज से बेहतर माना जाता है।