तिकुनिया हिंसा के गवाह की सुरक्षा में तैनात सिपाही की संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

लखीमपुर खीरी/फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के चर्चित तिकुनिया हिंसा मामले से जुड़ी एक अहम घटना सामने आई है। गवाह की सुरक्षा में तैनात सिपाही उमाशंकर भारती का शव फिरोजाबाद जिले में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है।
बताया जा रहा है कि सिपाही उमाशंकर भारती चार दिन पहले बिना किसी आधिकारिक सूचना के अपने घर चले गए थे। बाद में उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान उनकी कारबाइन बंदूक और कारतूस उनके घर पर ही मिले हैं, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
गौरतलब है कि तिकुनिया हिंसा किसान आंदोलन के दौरान हुई थी, जिसमें 4 किसानों, 3 भाजपा कार्यकर्ताओं और 1 पत्रकार की मौत हुई थी। इस बहुचर्चित मामले में पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी और उनके बेटे पर भी आरोप लगे थे।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सिपाही की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।