बच्चे की बेबाकी के आगे झुके डीएम, तुरंत खुलवाने का दिया आदेश
लखीमपुर खीरी। तहसील दिवस में उस वक्त अनोखा नजारा देखने को मिला, जब कक्षा 8 का एक छात्र अपनी समस्या लेकर सीधे जिलाधिकारी (डीएम) के सामने पहुंच गया। बच्चे के बेबाक अंदाज और आत्मविश्वास ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
गोटैय्याबाग इलाके में रहने वाले इस छात्र ने बताया कि उसके घर पर उसके चाचा-चाची ने ताला लगा दिया है। उसकी मां घर-घर काम करके परिवार का गुजारा करती है, ऐसे में घर बंद होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बच्चे ने बिना झिझक डीएम से कहा कि उसके घर का ताला खुलवाया जाए। डीएम ने तत्काल कोतवाल को निर्देश देते हुए कहा कि बच्चे का मामला देख लिया जाए। इस पर बच्चे ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “दिखवा नहीं, कहिए ताला खुलवा दें।”
बच्चे के इस साहसिक और साफ-साफ बोलने के अंदाज से डीएम भी प्रभावित हुए और उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। यह पूरा मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी बच्चे की हिम्मत की सराहना की जा रही है।
तहसील दिवस में इस तरह की सीधी और प्रभावी शिकायत ने प्रशासनिक व्यवस्था में आम लोगों के भरोसे को भी मजबूत किया है।