3 माह की गर्भवती नवविवाहिता समेत दंपती के शव पेड़ से लटके मिले, हत्या की आशंका

बिजनौर/अलवर। उत्तर प्रदेश और राजस्थान से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में नवविवाहित दंपती के शव पेड़ से लटके मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका तीन माह की गर्भवती थी और दोनों की शादी को महज छह महीने ही हुए थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नौगांवा इलाके के गांव प्यारी बास शेखपुर से जुड़ा है। मृतकों की पहचान सतविंदर सिंह और उनकी पत्नी अमनदीप कौर के रूप में हुई है। अमनदीप कौर उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र की निवासी थी।
बताया जा रहा है कि अमनदीप करीब 15 दिन पहले अपने मायके बिजनौर आई हुई थी। 15 जुलाई को सतविंदर उसे वापस लेने बिजनौर पहुंचा था। 16 जुलाई को दोनों मोबाइल ठीक कराने के लिए कोटद्वार जाने की बात कहकर बाइक से घर से निकले, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार, बाद में दोनों के शव बिजनौर के जंगल में एक पेड़ से लटके मिले। मृतका के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पहले गैंगरेप किया गया, फिर हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights