जौनपुर: व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़—गिरीश चंद्र यादव किराना व्यापार संघ के जागरूकता शिविर में व्यापारियों की समस्याओं का समाधान

जौनपुर। जौनपुर किराना व्यापार संघ एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शहर के मध्य स्थित एक होटल में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को विभागीय नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी व्यावहारिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (खेल एवं युवा कल्याण) गिरीश चंद्र यादव रहे, जबकि अध्यक्षता जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने की। अपने संबोधन में राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं मिल सकें और व्यापार में पारदर्शिता बनी रहे।
विशिष्ट अतिथि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने लाइसेंसिंग, रजिस्ट्रेशन एवं खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित नियमों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर के दौरान व्यापारियों ने विभागीय प्रक्रियाओं से जुड़ी कई जटिल समस्याएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दिनेश टंडन ने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे सभी नियमों का पालन करते हुए अपनी समस्याओं को व्यापार मंडल तक पहुंचाएं, ताकि उनका उचित समाधान किया जा सके। नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने संघ की टीम की सराहना करते हुए व्यापारियों से एकजुट रहने की अपील की।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी एवं पूर्व प्रदेश पदाधिकारी आशीष गुप्ता ‘आशू’ ने इस संयुक्त पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से व्यापारियों और प्रशासन के बीच समन्वय बेहतर होता है। कार्यक्रम की शुरुआत में किराना व्यापार संघ के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रहरि ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर संघ के महामंत्री आशीष कुमार गुप्ता, संरक्षक संजय केडिया, जिला संरक्षक राजदेव यादव, कोषाध्यक्ष गुलजारी लाल गुप्ता, प्रदेश युवा कोषाध्यक्ष संतोष अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र जायसवाल ने किया, जबकि अंत में आभार ज्ञापन महामंत्री आशीष गुप्ता ने किया।