कांवड़ यात्रा व त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश सीसीटीवी निगरानी, हेल्थ बूथ, ट्रैफिक डायवर्जन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर रहेगा विशेष फोकस


जौनपुर। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी एवं चेहलुम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसकी नियमित समीक्षा उच्च स्तर पर की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि त्रिलोचन महादेव, गौरीशंकर धाम और चौकिया धाम सहित प्रमुख मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे तथा कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहेंगे। महिला पुलिस बल सहित पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। कांवड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
मानसून के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर हेल्थ बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ओआरएस और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
नगर निकाय एवं पंचायत विभाग को मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल और कांवड़ रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन और सड़कों की मरम्मत का कार्य समय से पूर्ण करने को कहा गया। साथ ही जलाशयों के पास प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य की गई है।
डीएम ने निर्देश दिए कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित होंगे तथा त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। कांवड़ मार्गों और मंदिरों के आसपास स्थित दुकानों व ढाबों पर रेट लिस्ट और मेन्यू कार्ड प्रदर्शित करना अनिवार्य रहेगा।
बैठक में सोशल मीडिया पर अफवाहों और भड़काऊ सामग्री की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं।
इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर योगिता, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights