पीएम संग वर्चुअल संवाद में शामिल हुए जौनपुर के युवा आशीष सोनी, साझा किए सीमावर्ती क्षेत्रों के अनुभव


जौनपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) द्वारा गृह मंत्रालय एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से आयोजित ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ (VVVP) के अंतर्गत देशभर से चयनित 403 युवा प्रतिभागियों में जौनपुर जनपद के बदलापुर ब्लॉक निवासी आशीष सोनी को माननीय प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ।
यह कार्यक्रम 3 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित किया गया था, जिसमें देश के 245 जनपदों के 403 युवाओं ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के 74 सीमावर्ती ग्रामों में पहुंचकर वहां के जनजीवन, संस्कृति एवं विकास कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। जौनपुर भी चयनित जनपदों में शामिल रहा, जहां से आशीष सोनी ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रव्यापी क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया था, जिसमें करीब 2.7 लाख युवाओं में से 403 का चयन हुआ।
रविवार 26 जुलाई को आयोजित वर्चुअल संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने आशीष सोनी से हिमाचल प्रदेश के हिक्किम स्थित विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर में उनके अनुभव के बारे में जानकारी ली। इस पर आशीष ने बताया कि उन्होंने वहीं से प्रधानमंत्री को एक पत्र भी भेजा था। उन्होंने यह भी बताया कि 15 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर भी क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
आशीष ने चिचम पुल के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और नाइट टूरिज्म को बढ़ावा मिल रहा है, जिसकी प्रधानमंत्री ने सराहना की।
इस अवसर पर आशीष सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ संवाद उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है। यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत @2047’ के विजन के तहत युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास एवं आईटीबीपी जवानों के जीवन से परिचित कराने की महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights