खेत में ले जाकर मारपीट, जबरन स्टाम्प पेपर पर लगवाया अंगूठा, जहर पिलाने का आरोप

👉
जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के मुरारा गांव में एक व्यक्ति के साथ मारपीट, जबरन स्टाम्प पेपर पर अंगूठा लगवाने और जहर पिलाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित का आरोप है कि उसे बहाने से खेत में ले जाया गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इसके बाद दबाव बनाकर उससे स्टाम्प पेपर पर जबरन अंगूठा लगवा लिया गया।
आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने उसे जहर भी पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित ने पूरे मामले में अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मारपीट, जबरन अंगूठा लगवाने और जहर पिलाने के सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights