यूपी में बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों का तबादला नवीन अरोड़ा वाराणसी जोन के नए एडीजी, पीयूष मोर्डिया बने प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले करते हुए पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है। जारी सूची के अनुसार एडीजी, आईजी और एसपी स्तर के कुल 15 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
तबादलों के क्रम में वर्ष 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी नवीन अरोड़ा को अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) के पद से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन नियुक्त किया गया है। वहीं वर्ष 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी पीयूष मोर्डिया को वाराणसी जोन के एडीजी पद से स्थानांतरित कर पुलिस आयुक्त, प्रयागराज कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वर्ष 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी मुथा अशोक जैन को गोरखपुर जोन से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं बनाया गया है। अमरेन्द्र के. सेंगर को लखनऊ पुलिस कमिश्नर के पद से पुलिस महानिदेशक अभिसूचना के साथ सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि राम कुमार को एडीजी लॉजिस्टिक्स से एडीजी गोरखपुर जोन नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। भगवान एस. श्रीवास्तव को एडीजी तकनीकी सेवाएं, धर्मवीर को आईजी पीएसी पूर्वी जोन प्रयागराज, मोहित गुप्ता को आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन, विनोद कुमार सिंह को आईजी विशेष जांच, जोगेन्द्र कुमार को आईजी पीटीएस मुरादाबाद तथा आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को सचिव (गृह) नियुक्त किया गया है।
साथ ही अनूप कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू तथा आनंद कुमार को पुलिस अधीक्षक लोक शिकायत, पुलिस मुख्यालय लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।