स्कूली विद्यार्थियों के लिए कैशलेस इलाज व दुर्घटना बीमा योजना लागू करने की मांग


लखनऊ। उत्तर प्रदेश एजुकेशन इंस्टीट्यूट फोरम ने प्रदेश के सभी स्कूली विद्यार्थियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना लागू किए जाने की मांग की है। इस संबंध में फोरम की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर प्रदेश के करोड़ों विद्यार्थियों के हित में इस योजना को लागू करने का अनुरोध किया गया है।
फोरम ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी राज्य की आधारशिला होते हैं और सरकार का दायित्व है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। वर्तमान समय में कई परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं, ऐसे में दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में अभिभावकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। यदि कैशलेस उपचार एवं दुर्घटना बीमा योजना लागू होती है तो विद्यार्थियों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि सामूहिक बीमा योजना के तहत बहुत कम प्रीमियम पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को सुरक्षा प्रदान की जा सकती है, जिससे सरकार पर अधिक वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा। इससे न केवल विद्यार्थियों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा बल्कि सरकार के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
फोरम ने सुझाव दिया कि योजना के अंतर्गत सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को शामिल किया जाए। साथ ही सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज, दुर्घटना एवं आकस्मिक मृत्यु बीमा, तथा सरल डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से योजना का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
फोरम का मानना है कि इस योजना के लागू होने से विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ेगी तथा ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी। इससे उत्तर प्रदेश को शत-प्रतिशत शिक्षित राज्य बनाने की दिशा में भी मदद मिलेगी।
फोरम ने मुख्यमंत्री से प्रदेशहित में इस योजना को शीघ्र लागू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights