जौनपुर में प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

जौनपुर। आज दिनांक 28-07-2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मा० मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में विशेष रूप से बरसात के मौसम, श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा तथा जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराए जाएं।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं नगर निकायों को जलभराव की समस्या के समाधान, नालों-नालियों की नियमित सफाई तथा संचारी रोगों की रोकथाम हेतु व्यापक स्वच्छता अभियान, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों एवं पोलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं तथा लटकते तारों को तत्काल हटाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।
प्रभारी मंत्री ने किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उर्वरक उपलब्धता की जानकारी लेते हुए पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने को कहा। पशुपालन विभाग को शत-प्रतिशत पशुओं के टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा सिंचाई विभाग को नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी है, वहां आवश्यक चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए, जिन पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
@UPGovt @CMOfficeUP @ChiefSecyUP @InfoDeptUP